जमशेदपुर, 26 सितंबर 2026। जुगसलाई थाना पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को 17.274 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये है।
पुलिस को 25 सितंबर की रात वरीय पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। सूचना मिली थी कि एक युवक गांजा से भरे सूटकेस के साथ जुगसलाई क्षेत्र के घोड़ा चौक की ओर जा रहा है।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) सुमित कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घोड़ा चौक के पास संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान काले रंग के सूटकेस से 14 पैकेट और फिरोजी रंग के पिट्ठू बैग से 3 पैकेट गांजा बरामद हुआ। कुल 17 पैकेट में 17.274 किलो गांजा पाया गया।
गिरफ्तार युवक की पहचान मनीष यादव (लगभग 22 वर्ष) के रूप में हुई है। वह बिहार के भोजपुर जिले के आरा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बारा गांव का रहने वाला बताया गया है। उसके पिता का नाम हरेंद्र यादव है।
बरामद सामान
- फिरोजी रंग के पिट्ठू बैग से 3 पैकेट गांजा
- काले रंग के सूटकेस से 14 पैकेट गांजा
- एक नीले रंग का एप्पल आईफोन
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जुगसलाई थाना कांड संख्या 79/2026, दिनांक 26 सितंबर 2026 के तहत धारा 20(b)(ii)(B)/29 NDPS Act, 1985 में मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
11 सदस्यीय टीम ने की कार्रवाई
छापेमारी अभियान में पुलिस उपाधीक्षक विधि-व्यवस्था सुमित कुमार के नेतृत्व में जुगसलाई थाना और आरपीएफ के पदाधिकारी एवं जवानों समेत कुल 11 सदस्यीय टीम शामिल रही। टीम में पुलिस पदाधिकारी संतोष कुमार, कृष्ण कुमार यादव, दिलीप यादव, बलवीर प्रसाद, हवलदार बिरेन्द्र सिंह, योगेन्द्र पासवान, टाइगर-41 एवं टाइगर-42 के जवान तथा प्रधान आरक्षी सरोज कुमार शामिल थे।