सरायकेला: सरायकेला परिसदन में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की सरायकेला-खरसावां जिला समिति एवं विभिन्न वर्ग संगठनों की महत्वपूर्ण बैठक जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में खरसावां विधानसभा के विधायक दशरथ गगराई मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
बैठक में संगठन को बूथ, पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर तक अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही वर्ग संगठनों की भूमिका को सशक्त करने और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक का प्रमुख विषय सरकार द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान रहा। इस दौरान निर्णय लिया गया कि झामुमो का प्रत्येक कार्यकर्ता और सभी वर्ग संगठन अभियान में पूरी सक्रियता के साथ भाग लेंगे। बूथ से लेकर पंचायत और प्रखंड स्तर तक व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने, मतदाताओं को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने तथा यह सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई गई कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से न कटे।
बैठक में यह भी तय किया गया कि SIR प्रक्रिया के दौरान आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए संगठन के प्रत्येक स्तर पर जिम्मेदारियां तय की जाएंगी। साथ ही जिला अंतर्गत सभी प्रखंडों और नगर इकाइयों में नियमित बैठकें आयोजित कर संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा की जाएगी तथा पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
झामुमो नेतृत्व ने सभी वर्ग संगठनों को जनसंपर्क अभियान तेज करने, राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने और संगठन को अधिक जनोन्मुखी एवं मजबूत बनाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर विधायक दशरथ गगराई ने कहा कि संगठन की मजबूती ही जनता की ताकत है। उन्होंने कहा कि झामुमो हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों और जनहित के लिए संघर्ष करता रहा है। SIR अभियान के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से न छूटे, इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ कार्य करना होगा।
जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो ने कहा कि झामुमो एक जनआधारित संगठन है, जिसकी सबसे बड़ी शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि SIR अभियान लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है और प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रहे, यह सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रिय रहकर लोगों की हरसंभव सहायता करने और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
बैठक में झामुमो के केंद्रीय सदस्य चारुचाँद किस्कु, गणेश चौधरी, गणेश महली, सुधीर महतो, रानी हेम्ब्रम, ओम लायक, विशु हेम्ब्रम, सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी, जिला साहित्य एवं संस्कृति मोर्चा अध्यक्ष सह वाइस चेयरमैन अविनाश कवि, जिला सचिव बैद्यनाथ टुडू, जिला उपाध्यक्ष भुण्डा बेसरा, भोला महन्ती, धरमु गोप, संजय प्रधान, जिला संगठन सचिव अमृत महतो, सह सचिव धानु मुखी, जगदीश महतो, जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष भुगलू सोरेन, सचिव बबलू प्रधान, जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष सुशीला तांती, सचिव पिंकी लायक, जिला छात्र मोर्चा सचिव दशरथ महतो, जिला अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष जन्नत हुसैन, जिला किसान मोर्चा अध्यक्ष बेनीमाधव महतो, जिला व्यवसायी मोर्चा अध्यक्ष हरि लोहार, सचिव अरुण टुडू, जिला बुद्धिजीवी मोर्चा अध्यक्ष दुर्गालाल मुर्मू, जिला खेल मोर्चा के निरंजन महतो, सचिव राहुल वर्मा सहित सभी वर्ग संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित रहे।