जमशेदपुर: जमशेदपुर के डबल डाउन बार में हुई हिमांशु सिंह की हत्या को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के सरायकेला-खरसावां जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा इस दुखद घटना को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करने का प्रयास कर रही है, जबकि राज्य सरकार पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पूरी गंभीरता से काम कर रही है।
डॉ. महतो ने हिमांशु सिंह की हत्या पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि यह घटना पूरे झारखंड को झकझोर देने वाली है और झामुमो इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है।
उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) और सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक (एसपी) को उनके पद से हटाने का निर्णय लिया। साथ ही एडीजी और डीआईजी कोल्हान सहित वरिष्ठ अधिकारियों को जमशेदपुर में कैंप कर निष्पक्ष एवं तेज जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है और कई आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
डॉ. महतो ने कहा कि मुख्यमंत्री ने स्वयं मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। प्रशासन ने परिवार से मुलाकात कर उनकी मांगों को सुना है और नियमानुसार मुआवजा तथा मृतक की पत्नी को नौकरी देने की प्रक्रिया शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील समय में, जब पूरा राज्य हिमांशु सिंह को न्याय दिलाने की मांग कर रहा है, भाजपा इस घटना का राजनीतिकरण कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं द्वारा भ्रामक और गैर-जिम्मेदाराना बयान देकर जनता को गुमराह करने तथा राज्य सरकार की छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है।
डॉ. महतो ने नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेताओं के बयानों को निराधार बताते हुए कहा कि वे इस मामले में बार के मालिक, जो कथित तौर पर भाजपा नेता बताए जा रहे हैं, को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि बार मालिक निर्दोष हैं तो उन्हें सामने आकर पुलिस और जांच एजेंसियों का सहयोग करना चाहिए। साथ ही भाजपा को भी इस मामले में अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
उन्होंने भाजपा द्वारा किए गए बंद के दौरान जबरन दुकानें बंद कराने, व्यापारियों पर दबाव बनाने और आम लोगों को परेशान करने के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा वास्तव में न्याय चाहती है तो उसे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करना चाहिए, न कि जनता को भय और भ्रम में डालकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास करना चाहिए।
डॉ. शुभेन्दु महतो ने जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां की जनता से भाजपा के कथित भ्रामक प्रचार से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली राज्य सरकार पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर आवश्यक कदम उठा रही है और झामुमो का प्रत्येक कार्यकर्ता इस लड़ाई में परिवार के साथ खड़ा है।
उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता सब कुछ देख रही है और यह समझती है कि कौन न्याय दिलाने के लिए गंभीर है और कौन इस दुखद घटना का राजनीतिक लाभ उठाने में लगा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे कानून के अनुसार कठोर दंड अवश्य मिलेगा।