मेदिनीनगर: राज्य स्तरीय जूनियर बालक खो-खो प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पलामू जिला जूनियर बालक खो-खो टीम शुक्रवार को खूंटी के लिए रवाना हुई। टीम को पलामू जिला खो-खो एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित चयन प्रक्रिया और प्रशिक्षण शिविर के बाद अंतिम रूप दिया गया।
जानकारी के अनुसार, 23 जून 2026 को जिला एथलेटिक्स स्टेडियम, बारालोटा (मेदिनीनगर) में जिला स्तरीय जूनियर बालक खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 20 खिलाड़ियों का चयन कर उनके लिए एक सप्ताह का विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर के दौरान प्रदर्शन के आधार पर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अंतिम टीम का चयन किया गया।
चयनित खिलाड़ियों को पलामू जिला ओलंपिक संघ के सचिव संजय कुमार त्रिपाठी, वरीय उपाध्यक्ष कमलानंद दुबे तथा एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष आजात शत्रु प्रसाद सिन्हा ने रांची-चोपन एक्सप्रेस से खूंटी के लिए रवाना किया। प्रतियोगिता 3 से 5 जुलाई 2026 तक खूंटी में आयोजित होगी। टीम के कोच एवं कार्यकारी सचिव निरंजन कुमार तथा टीम मैनेजर रमन सिंह टीम का नेतृत्व कर रहे हैं।
आयोजकों ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को जूनियर राष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
टीम में शामिल खिलाड़ी
ब्राह्मण प्लस टू हाई स्कूल से आशुतोष कुमार ठाकुर, आर्यन कुमार, मनीष कुमार, पंकज कुमार, शुभम मिश्रा और बलवंत सिंह का चयन हुआ है। ब्राइटलैंड स्कूल से शुभम कुमार, सौरभ कुमार और जीत कुमार तिवारी, एमके डीएवी पब्लिक स्कूल से शौर्य राज सिंह, राजकीय कृत प्लस टू उच्च विद्यालय हैदरनगर से निलेश कुमार, राजकीय कृत प्लस टू गिरवर उच्च विद्यालय से राधेश्याम ठाकुर, राजकीय कृत मध्य विद्यालय पोखराहा कला से लक्ष्मण राम, ग्रीन वैली इंटरनेशनल स्कूल से अंशुमान सागर तथा दीप्ति निकेतन उच्च विद्यालय, नवाडीह से राकेश गोदारा टीम का हिस्सा हैं।
टीम के रवाना होने के अवसर पर पलामू जिला खेल पदाधिकारी रतन कुमार सिंह, पलामू जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष किशोर कुमार पांडे, वरीय उपाध्यक्ष कमलानंद दुबे, खेल समन्वयक निधि उपाध्याय, ऑफिस इंचार्ज सिकंदर कुमार, पलामू जिला वूशु संघ के अध्यक्ष रमेश चंद्र प्रसाद, सचिन सुमित वर्मन, राइफल शूटिंग संघ के अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार पाठक, अशोक सिंह, साइकिलिंग संघ के अध्यक्ष सुनील उपाध्याय, सचिव सिद्धार्थ कुमार, वेटलिफ्टिंग संघ के सचिव अभिलाष चंचल, योगासन संघ के सचिव अनिल कुमार पांडे, एथलेटिक्स कोच मोनू कुमार, शारीरिक शिक्षक प्रदीप कुमार मेहता एवं द्वारिका प्रसाद सहित अन्य खेल पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की कामना की।