सरायकेला। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-2026) और सीबीएसई की मार्किंग प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों, शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग तथा नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने सरायकेला के गराज चौक पर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। झामुमो जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भाजपा सरकार का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन में झामुमो की केंद्रीय समिति, जिला समिति, नगर समिति, प्रखंड समिति, पंचायत समिति तथा विभिन्न वर्ग संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने छात्रों के भविष्य के साथ कथित अन्याय का विरोध करते हुए निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय शिक्षा व्यवस्था की मांग उठाई।
सभा को संबोधित करते हुए झामुमो जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के करोड़ों विद्यार्थियों का भविष्य आज असुरक्षित हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि NEET-2026 और CBSE की मूल्यांकन प्रक्रिया को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं, लेकिन सरकार इन मुद्दों पर जवाब देने के बजाय अपनी आवाज उठाने वाले छात्रों पर बल प्रयोग कर रही है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के बजाय केंद्र सरकार उसे कमजोर करने में लगी है। परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता प्रभावित हो रही है, जिससे युवाओं के भविष्य पर संकट गहराता जा रहा है। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनकी आवाज को दबाने का प्रयास लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।
डॉ. महतो ने जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों पर हुए कथित लाठीचार्ज की निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र में अपनी मांगों को शांतिपूर्ण ढंग से रखना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार असहमति की हर आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है, जिसे देश का युवा कभी स्वीकार नहीं करेगा।
झामुमो नेताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया और कहा कि पार्टी हमेशा छात्रों, युवाओं और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ती रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की मांगों की अनदेखी जारी रही और शिक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो झामुमो लोकतांत्रिक तरीके से अपने आंदोलन को और व्यापक करेगा। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कार्यक्रम में झामुमो केंद्रीय सदस्य गणेश महली, सुधीर महतो, विशु हेमब्रम, रानी हेमब्रम, सरायकेला नगर पंचायत के चेयरमैन मनोज चौधरी, वाइस चेयरमैन अविनाश कबी, जिला सचिव वैद्यनाथ टुडू, जिला उपाध्यक्ष भोला मोहंती, धरमु गोप, व्यवसाय मोर्चा जिलाध्यक्ष हरिहर लोहार, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष भुगलू सोरेन, नगर अध्यक्ष शंभू आचार्य, प्रखंड अध्यक्ष सुरेश हेमब्रम, कृष्णा राणा सहित बड़ी संख्या में झामुमो के नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।