पलामू/जमशेदपुर: पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र अंतर्गत नीलाम्बर-पिताम्बरपुर प्रखंड के बिनेका गांव निवासी डॉ. सक्षम कुमार (22 वर्ष) की जमशेदपुर स्थित डिमना लेक में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। वह सतेंद्र सिंह के पुत्र थे। इस घटना से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डॉ. सक्षम जमशेदपुर में कार्यरत थे। शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह अपने दो दोस्तों के साथ डिमना लेक घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान एक दोस्त का मोबाइल फोन झील में गिर गया। मोबाइल निकालने के प्रयास में उनका एक दोस्त पानी में उतरा, लेकिन वह गहरे पानी में डूबने लगा।
दोस्त को डूबता देख डॉ. सक्षम बिना अपनी परवाह किए उसे बचाने के लिए पानी में कूद पड़े। हालांकि, गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण वह भी पानी में डूब गए। इस दौरान दोनों की जान चली गई। वहीं, तीसरे दोस्त ने भी दोनों को बचाने की कोशिश में पानी में छलांग लगा दी, लेकिन गोताखोरों ने समय रहते उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
सूचना मिलने पर राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा। गोताखोरों ने डैम से एक शव बरामद कर लिया है, जबकि दूसरे शव की तलाश समाचार लिखे जाने तक जारी थी।
घटना की सूचना मिलते ही डॉ. सक्षम के परिवार में कोहराम मच गया। उनके पिता सतेंद्र सिंह, जो राजस्थान में एक निजी कंपनी में इंजीनियर हैं, घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के साथ जमशेदपुर के लिए रवाना हो गए।
डॉ. सक्षम की असमय मौत से बिनेका गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में गहरा शोक व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि सुदूरवर्ती गांव से निकलकर डॉक्टर बने सक्षम से पूरे क्षेत्र को बड़ी उम्मीदें थीं। सभी को विश्वास था कि वह अपने गांव और आसपास के लोगों की बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए योगदान देंगे। लेकिन एक दोस्त की जान बचाने की कोशिश में उनकी अपनी जिंदगी खत्म हो गई। यह हादसा पूरे इलाके को गमगीन कर गया।