बीडीओ-सह-सीओ जागो महतो ने कहा, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन मुस्तैद, शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने की अपील
नीलांबर-पीतांबरपुर (पलामू): दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से लेस्लीगंज थाना पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने आम लोगों को सुरक्षा व्यवस्था के प्रति आश्वस्त किया और आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने का संदेश दिया।
फ्लैग मार्च लेस्लीगंज थाना परिसर से शुरू होकर कोट खास, मस्जिद चौक, गांधी चौक और डेला रोड होते हुए वापस थाना परिसर पहुंचा। इस दौरान पुलिस बल ने विभिन्न इलाकों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इस मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-अंचलाधिकारी जागो महतो ने कहा कि दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हैं। त्योहार के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी और शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक पूजा पंडाल में मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई है, ताकि किसी भी तरह की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन की ओर से पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। साथ ही, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्ती बढ़ाने के साथ सुरक्षा के अन्य आवश्यक इंतजाम भी किए गए हैं। अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और आपसी सौहार्द एवं भाईचारे के साथ दुर्गा पूजा मनाएं।
प्रशासन ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस और प्रशासन की मुस्तैदी का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि लोग निर्भीक होकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर सकें और त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो। फ्लैग मार्च में इंस्पेक्टर सोनू कुमार चौधरी, एसआई सुबीर किस्कू, बाबूलाल यादव, रामानंद प्रसाद, जितेंद्र कुमार सहित सैकड़ों महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी शामिल थे।