जमशेदपुर, 7 अगस्त 2026। रॉबिन हुड आर्मी (RHA) जमशेदपुर की ओर से शुक्रवार को सिंहभूम चेम्बर ऑफ कॉमर्स, बिष्टुपुर में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान संगठन ने वर्ष 2026 के लिए शिक्षा और खाद्य सुरक्षा से जुड़े दो प्रमुख राष्ट्रीय संकल्पों की घोषणा की। संगठन ने बताया कि इन अभियानों के माध्यम से देशभर में वंचित और जरूरतमंद लोगों तक शिक्षा, तकनीकी ज्ञान तथा भोजन की सुविधा पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
रॉबिन हुड आर्मी के प्रतिनिधियों ने बताया कि संगठन का पहला प्रमुख संकल्प ‘भारत लर्न्स AI’ है। इसके तहत देशभर में 250 आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) लर्निंग सेंटर स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। इन केंद्रों के माध्यम से वंचित और जरूरतमंद समुदायों के बच्चों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा, डिजिटल साक्षरता और भविष्य में रोजगार के अवसरों के लिए तैयार किया जाएगा।
संगठन का दूसरा प्रमुख संकल्प ‘मिशन स्वदेश’ है। इसके तहत दूर-दराज और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले जरूरतमंद परिवारों तक राशन और भोजन पहुंचाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा। संगठन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।
प्रेस वार्ता में बताया गया कि रॉबिन हुड आर्मी की जमशेदपुर टीम ने शहर में 2 ‘भारत AI लर्निंग सेंटर’ और 3 सक्रिय लर्निंग सेंटर स्थापित करने का लक्ष्य तय किया है। इसके अलावा टीम जमशेदपुर और आसपास के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर जरूरतमंद परिवारों को एक माह का राशन उपलब्ध कराने के लिए भी अभियान चलाएगी।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि दोनों अभियान स्वयंसेवकों के सहयोग और समाज की सहभागिता से संचालित किए जाएंगे। उन्होंने शहर के नागरिकों, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों और उद्योग जगत से अभियान में सहयोग करने की अपील की, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक मदद पहुंचाई जा सके।
रॉबिन हुड आर्मी ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाना नहीं, बल्कि वंचित बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, तकनीकी ज्ञान और बेहतर भविष्य के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें सशक्त बनाना भी है। ‘भारत लर्न्स AI’ और ‘मिशन स्वदेश’ इसी उद्देश्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान भवानी शंकर, अरुण ठाकुर, स्नेहा, शुभम, मिशुख, मृत्युंजय, कुमकुम, अनीता, देव, आकाश, नीरज, सुरभि, निधि, गगनदीप, देवकरण, शेली सहित रॉबिन हुड आर्मी जमशेदपुर के कई स्वयंसेवक उपस्थित रहे।