पलामू जिले में कानून-व्यवस्था को सख्त और पारदर्शी बनाने की दिशा में पुलिस ने एक बड़ा कदम उठाया है। जिले के नए पुलिस अधीक्षक (एसपी) कपिल चौधरी के निर्देश पर पुलिस ने वाहन मॉडिफिकेशन और ब्लैक फिल्म के खिलाफ व्यापक अभियान शुरू किया है। पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि किसी भी तरह की ऐसी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, जो समाज में गलत संदेश दे या कानून की अवहेलना को दर्शाए।
इस अभियान की शुरुआत मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र से की गई, जहां पुलिस ने कई वाहनों पर कार्रवाई करते हुए अवैध मॉडिफिकेशन और काली फिल्म को हटवाया। इस दौरान कुछ समाजसेवियों और आम लोगों की गाड़ियों पर भी नियमों के उल्लंघन के कारण कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि नियम सभी के लिए समान हैं और किसी को भी छूट नहीं दी जाएगी।

एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि आम लोगों से अपील की गई है कि वे स्वेच्छा से अपने वाहनों से सभी प्रकार के अवैध मॉडिफिकेशन और ब्लैक फिल्म को हटा लें, ताकि कार्रवाई से बचा जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि जिले में सुरक्षित और कानूनसम्मत वातावरण बनाना है।
पुलिस प्रशासन ने यह भी कहा है कि जहां एक ओर लोगों से सहयोग की अपेक्षा की जा रही है, वहीं दूसरी ओर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम भी उठाए जाएंगे। यह अभियान पूरे जिले में लगातार चलाया जाएगा।
मेदिनीनगर में हुए इस अभियान का नेतृत्व डीएसपी राजेश यादव और टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने किया। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे कार्रवाई प्रभावी तरीके से संपन्न हो सकी।
गौरतलब है कि पदभार ग्रहण करने के बाद एसपी कपिल चौधरी की यह पहली बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है, जो जिले में कानून व्यवस्था को लेकर उनकी सख्त मंशा को दर्शाती है।