पलामू: जिले के नौडीहा बाजार प्रखंड अंतर्गत शाहपुर पंचायत के हैरैया गांव में रविवार रात शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से एक घर पूरी तरह जलकर राख हो गया। इस हादसे में घर में रखी बाइक, नकदी, अनाज, कपड़े, जरूरी दस्तावेज समेत लाखों रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई। घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने और जीवनयापन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
घटना के संबंध में पीड़ित रामजी सिंह ने बताया कि रविवार रात अचानक उनके घर में आग लग गई। उस समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर मौजूद थे। आग की लपटें उठती देख परिवार के लोगों ने किसी तरह घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
घर का सारा सामान जलकर हुआ नष्ट
आग इतनी भयावह थी कि परिवार को घर का सामान बाहर निकालने तक का मौका नहीं मिला। घर में रखी बाइक, नकदी, अनाज, कपड़े, जरूरी कागजात और घरेलू उपयोग की तमाम वस्तुएं जलकर राख हो गईं। आग लगने की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक परिवार की पूरी जमा-पूंजी नष्ट हो चुकी थी।
प्रशासन से आर्थिक सहायता और मुआवजे की गुहार
इस हादसे के बाद रामजी सिंह का परिवार बेघर हो गया है और खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। पीड़ित परिवार ने स्थानीय प्रशासन से आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। रामजी सिंह का कहना है कि आग में उनका सब कुछ बर्बाद हो गया है। ऐसे में परिवार के सामने दोबारा घर बसाने और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।