पलामू: मेदिनीनगर के आढ़त रोड स्थित वनांचल ग्रामीण बैंक में सोमवार दोपहर एक अपराधी ने लूटपाट का प्रयास किया। हालांकि, बैंक के सुरक्षा गार्ड और कर्मचारियों की तत्परता से लूट की वारदात टल गई। बैंक कर्मियों के विरोध और संघर्ष के बाद अपराधी अपना हथियार छोड़कर मौके से फरार हो गया। इस दौरान बैंक का एक कर्मचारी घायल भी हो गया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर एक व्यक्ति बैंक के अंदर दाखिल हुआ और कैश काउंटर पर पहुंचकर पैसे निकालने की बात कहने लगा। इसी दौरान उसने अचानक हथियार निकाल लिया और बैंक कर्मी से रुपये देने की मांग की। अपराधी की इस हरकत को देखते हुए बैंक में तैनात सुरक्षा गार्ड और अन्य कर्मचारी उससे भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच हुई धक्का-मुक्की और संघर्ष में एक बैंक कर्मी को चोट लगी। खुद को घिरता देख अपराधी हथियार छोड़कर वहां से भाग निकला।
घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर अपराधी की पहचान करने में जुटी है। वहीं, उसकी गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में छापेमारी भी की जा रही है।
टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि बैंक में लूट की घटना नहीं हुई है। अपराधी हथियार छोड़कर फरार हो गया है। बरामद हथियार में गोली नहीं थी। उन्होंने आशंका जताई कि आरोपी नशे का आदी हो सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि जिस आढ़त रोड इलाके में यह घटना हुई, वह मेदिनीनगर का प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र है और यहां आमतौर पर काफी भीड़ रहती है। दिवाली के अगले दिन बाजार में अपेक्षाकृत कम भीड़ होने का फायदा उठाकर अपराधी ने वारदात को अंजाम देने की कोशिश की। घटना की जानकारी मिलने के बाद बैंक के वरीय अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।