रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली को लेकर सीआईडी की जांच में एक और बड़ा खुलासा हुआ है। सीआईडी की चार्जशीट के अनुसार, परीक्षा के दौरान छह अभ्यर्थी ज्यादातर समय शांत बैठे रहे और उन्होंने केवल 25 से 40 सवालों के जवाब ही हल किए। लेकिन जब उनकी मूल ओएमआर शीट की जांच की गई, तो उसमें 90 से लेकर 100 तक सवालों के जवाब भरे हुए मिले।
प्रभात खबर में छपी खबर के अनुसार जांच में सामने आया है वीकि परीक्षा समाप्त होने के बाद एक संगठित सिंडिकेट ने कथित तौर पर साजिश के तहत इन अभ्यर्थियों की ओएमआर शीट में खाली छोड़े गए गोलों को भर दिया था। इस पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा परीक्षा केंद्रों के सीसीटीवी फुटेज, आयोग की मूल ओएमआर शीट और फॉरेंसिक जांच के मिलान से हुआ।
सीआईडी को मुख्य आरोपी बुद्धेश्वर भगत के लैपटॉप से अभ्यर्थियों की सूची भी मिली थी। इस सूची, सीसीटीवी फुटेज और ओएमआर शीट की जांच के बाद अभ्यर्थियों की वास्तविक गतिविधियों और ओएमआर में दर्ज उत्तरों के बीच बड़ा अंतर पाया गया।
सीसीटीवी फुटेज और ओएमआर शीट में क्या मिला?
सीआईडी की चार्जशीट में छह अभ्यर्थियों के संबंध में महत्वपूर्ण साक्ष्य दर्ज किए गए हैं।
1. ओम प्रकाश राणा (रोल नंबर: 2601102299)
सीसीटीवी फुटेज में ओम प्रकाश राणा परीक्षा के दौरान उत्तर भरते हुए दिखाई नहीं दिए। इसके बावजूद उनकी ओएमआर शीट में पेपर-1 में 91 और पेपर-2 में 92 सवालों के जवाब भरे मिले।
2. दिलीप कुमार राणा (रोल नंबर: 2601101092)
दिलीप कुमार राणा परीक्षा हॉल में ज्यादातर समय निष्क्रिय बैठे रहे। फुटेज में उन्हें केवल 30 से 40 सवालों के जवाब भरते हुए देखा गया। जबकि उनकी ओएमआर शीट में पेपर-1 के 95 और पेपर-2 के 93 सवालों के जवाब दर्ज मिले।
3. वंदना कुमारी (रोल नंबर: 2601216843)
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, वंदना कुमारी ने दोनों पालियों में लगभग 40 और 30 सवाल ही हल किए थे। लेकिन उनकी ओएमआर शीट में क्रमशः 98 और 92 सवालों के जवाब भरे मिले।
4. प्राकांत उरांव (रोल नंबर: 2601255984)
प्राकांत उरांव दोनों पालियों में लगभग 30 और 39 सवालों के गोले ही भरते दिखाई दिए। इसके विपरीत, उनकी मूल ओएमआर शीट में पेपर-1 में 93 और पेपर-2 में 83 सवालों के जवाब दर्ज मिले।
5. मनोज कुमार (रोल नंबर: 2601279289)
मनोज कुमार परीक्षा के दौरान ज्यादातर समय निष्क्रिय रहे। सीसीटीवी फुटेज में उन्हें पेपर-1 में 72 और पेपर-2 में 74 सवाल हल करते देखा गया। लेकिन मूल ओएमआर शीट में दोनों पेपरों के सभी 100-100 सवालों के गोले भरे हुए मिले।
6. रौशन केरकेट्टा (रोल नंबर: 26011149170)
रौशन केरकेट्टा दोनों पालियों में महज 30 और 25 सवालों के जवाब भरते हुए रिकॉर्ड हुए। हालांकि, उनकी ओएमआर शीट में पेपर-1 के 87 और पेपर-2 के 88 सवालों के जवाब दर्ज मिले।
अब तक कई आरोपियों की हो चुकी है गिरफ्तारी
इस मामले में प्राकांत उरांव, रौशन केरकेट्टा और मनोज कुमार को 5 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था। वहीं, सगे भाई दिलीप कुमार राणा और ओम प्रकाश राणा को 3 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था।
सीआईडी की चार्जशीट में पेश किए गए साक्ष्यों ने जेपीएससी परीक्षा में कथित संगठित धांधली के तरीके को उजागर किया है। सीसीटीवी फुटेज और मूल ओएमआर शीट के बीच मिले भारी अंतर ने परीक्षा की निष्पक्षता और चयन प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।