जमशेदपुर: चर्चित डबल डाउन बार चापड़ हत्याकांड में बड़ी सफलता मिली है। मामले का मुख्य आरोपी और दो लाख रुपये का इनामी अपराधी विश्वनाथ मंडल ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया है।
हत्या की घटना के बाद से ही विश्वनाथ मंडल फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए जमशेदपुर पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए उस पर दो लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया था।
इस हत्याकांड में अब तक पुलिस कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों में डबल डाउन बार का मालिक, बार का मैनेजर और हमलावर गिरोह के कई सदस्य शामिल हैं। पुलिस पहले से गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले की विभिन्न कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है।
मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल के आत्मसमर्पण के बाद पुलिस उससे पूछताछ के लिए रिमांड की मांग कर सकती है। माना जा रहा है कि उससे पूछताछ में हत्या की साजिश, घटना की योजना और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और शेष आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।