नीलाम्बर-पीताम्बरपुर जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पांकी–मेदिनीनगर मुख्य मार्ग स्थित बैरिया गांव में मंगलवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कोयला लदा एक हाइवा अनियंत्रित होकर शिव साव के घर में जा घुसा। घटना सुबह करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है।
घटना के समय घर के सभी सदस्य छत पर सो रहे थे, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि हादसे में मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। ग्रामीणों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाइवा का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया।
हादसे में चालक का पैर वाहन के क्षतिग्रस्त हिस्से में फंस गया था। स्थानीय ग्रामीणों ने कटर मशीन की मदद से काफी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला और इलाज के लिए एमएमसीएच भेजा।
सूचना मिलने पर लेस्लीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और हाइवा को अपने कब्जे में ले लिया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है।
पीड़ित परिवार ने हुए नुकसान के लिए मुआवजे की मांग की है। इस संबंध में थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने बताया कि पीड़ित परिवार को नियमानुसार हर संभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।