नीलांबर-पीतांबरपुर: पलामू जिले के नीलांबर-पीतांबरपुर प्रखंड में बसौरा इंजीनियरिंग कॉलेज के समीप अश्विनी अमृततुल्य चाय दुकान के उद्घाटन समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई, जब अचानक कई थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस की मौजूदगी से समारोह में शामिल लोगों के बीच हलचल मच गई।

जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम में राजू तिर्की उद्घाटनकर्ता के रूप में शामिल हुए थे, जबकि रिंकू मेहता विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर राजू तिर्की से संबंधित हथियार के लाइसेंस और वाहन के आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। जांच के बाद पुलिस उन्हें अपने वाहन से मेदिनीनगर शहर थाना ले गई। साथ ही उनकी गाड़ी को भी पुलिस अपने साथ ले गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से समारोह स्थल पर मौजूद लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं।
पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान कई थानों के प्रभारी और जिला पुलिस बल के जवान मौजूद रहे। इनमें पांकी थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह, तरहसी थाना प्रभारी राजेश रंजन, लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय, सदर थाना प्रभारी अफजाल अंसारी और शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार शामिल थे।
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक पुलिस प्रशासन की ओर से इस कार्रवाई के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई थी। राजू तिर्की को थाना ले जाने के पीछे की वजह और उनकी गाड़ी को साथ ले जाने के कारणों का भी खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का आधिकारिक बयान सामने आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।