नीलांबर-पीतांबरपुर (पलामू): दीपावली की खुशियों के बीच लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के कमलेकेड़िया गांव में मातम पसर गया। जगतपुरवा मोड़ के समीप कुंदरहिया नाला से रविवार को रिंकी कुमारी (पुत्री बसंत शुक्ला) का सड़ा-गला शव बरामद किया गया। शव मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, रिंकी लंबे समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं। वह अक्सर गांव और आसपास के इलाकों में घूमती रहती थीं। रविवार को नाले के पास दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने खोजबीन की तो पानी में शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची लेस्लीगंज पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। बाद में उसकी पहचान रिंकी कुमारी के रूप में हुई।
दीपावली के दिन बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिजनों की खुशियां मातम में बदल गईं। घर में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने बताया कि शव बरामद कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।