पलामू, 28 सितंबर। सड़क सुरक्षा को लेकर पलामू पुलिस ने सोमवार की शाम जिलेभर में विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक विभिन्न थाना क्षेत्रों में रोड सेफ्टी एवं एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाकर वाहनों की सघन जांच की गई। अभियान के लिए जिले में 15 प्रमुख स्थानों को चिह्नित किया गया था।
संबंधित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों और थाना प्रभारियों के नेतृत्व में प्रमुख सड़कों, चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में वाहन जांच की गई। अभियान में संबंधित थाना प्रभारी, पुलिस पदाधिकारी और जवानों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
चियांकी और चैनपुर में सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में वाहनों की जांच के साथ एंटी क्राइम चेकिंग की गई। वहीं हरिहरगंज टोल प्लाजा के पास छतरपुर एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आने-जाने वाले वाहनों की जांच की। पड़वा-रेहला मुख्य मार्ग पर विश्रामपुर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच अभियान चलाया गया।
इसके अलावा लेस्लीगंज और पांकी क्षेत्रों में भी पुलिस टीम ने वाहन जांच कर यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने का प्रयास किया।
जांच के दौरान बड़ी संख्या में ऐसे वाहन चालक पकड़े गए, जो बिना हेलमेट वाहन चला रहे थे या अन्य सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन कर रहे थे। पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए भविष्य में नियमों का उल्लंघन नहीं करने की चेतावनी दी।
पुलिस ने विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट का इस्तेमाल करने और सड़क पर वाहन चलाते समय सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि यातायात नियमों का उद्देश्य केवल जुर्माने या कार्रवाई से बचना नहीं, बल्कि सड़क पर लोगों की जान की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
एंटी क्राइम चेकिंग के तहत संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की भी जांच की गई। पुलिस टीमों ने अपराध की रोकथाम के मद्देनजर संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती।
पलामू पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा को लेकर जिम्मेदारी बरतें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को लेकर जिले में इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।