झारखंड स्टेट एथलेटिक्स एसोसिएशन एवं बोकारो जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में 18 से 19 अप्रैल 2026 तक एथलेटिक्स स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्टेडियम, चंदनक्यारी में 15वीं राज्य स्तरीय सीनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इस प्रतियोगिता में पलामू जिले की ओर से एथलेटिक्स कोच मोनू कुमार के नेतृत्व में छह सदस्यीय बालक एवं बालिका टीम ने भाग लिया। खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पलामू के लिए कुल चार पदक हासिल किए, जिसमें दो स्वर्ण और दो कांस्य पदक शामिल हैं।
प्रतियोगिता में शिवानी कुमारी ने डिस्कस थ्रो और हैमर थ्रो में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। वहीं आकांक्षा कुमारी ने 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दो कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। पलामू जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव संजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि इस प्रतियोगिता में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलने की संभावना है।
इस उपलब्धि पर पलामू जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजात शत्रु प्रसाद सिन्हा, कोषाध्यक्ष कमलानंद दुबे सहित कई खेल पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शुभकामनाएं देने वालों में जिला खेल पदाधिकारी रतन कुमार सिंह, जिला ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष किशोर कुमार पांडे, महेंद्र कुशवाहा, अनिल कुमार पांडे, रमेश चंद्र प्रसाद, सुमित वर्मन, अभिलाष चंचल, शशिकांत त्रिपाठी, सिद्धार्थ कुमार, अमरेंद्र पाठक, अशोक कुमार सिंह, द्वारिका प्रसाद, प्रदीप कुमार मेहता, रेशमा पांडे, प्रीति कुमारी और सोनी कुमारी शामिल रहे।