जूरू गांव में श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन उमड़ी भीड़, सजीव झांकियों और भक्ति संगीत ने बांधा समां
नीलांबर-पीतांबरपुर (पलामू): लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के जूरू गांव में दुर्गापूजा के अवसर पर आयोजित झांकी युक्त श्रीमद्भागवत कथा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। कथा के तीसरे दिन शुक्रवार को श्रीधाम वृंदावन से पधारे कथावाचक रवि शंकर महाराज ने नरसिंह अवतार, ध्रुव चरित्र, सती चरित्र और भक्त प्रह्लाद की भक्ति का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति, सत्य और सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
कथावाचक ने भगवान नरसिंह के अवतार और भक्त प्रह्लाद की अटूट आस्था से जुड़े प्रसंगों का वर्णन करते हुए बताया कि सच्ची भक्ति और धर्म के मार्ग पर चलने वाले भक्तों की रक्षा स्वयं भगवान करते हैं। इन प्रसंगों को सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। कथा स्थल पर प्रस्तुत सजीव झांकियों और भक्ति संगीत ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम में संगीत मंडली के पंडित कन्हैया शर्मा, पंडित प्रमोद महाराज और तबला वादक शर्मा ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजन और संगीतमय प्रस्तुतियों के बीच श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे नजर आए।
इस अवसर पर सनातन धर्म के केंद्रीय सचिव राम प्रकाश तिवारी और जलेश शर्मा सहित पूजा समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कथा के समापन पर उपस्थित लोगों ने गांव की महिलाओं और अन्य श्रद्धालुओं के साथ भगवान की आरती में भाग लिया।
आयोजन में पंचायत क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। दुर्गापूजा के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम से जूरू गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।