मेदिनीनगर (पलामू): मेदिनीनगर की हाउसिंग कॉलोनी में इस वर्ष दुर्गा पूजा महोत्सव को भव्य और आकर्षक बनाने की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति की ओर से इस बार अयोध्या के भव्य श्रीराम मंदिर की तर्ज पर पूजा पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। आकर्षक मंदिर प्रारूप में तैयार होने वाला यह पंडाल श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
समिति के संरक्षक संतोष कुमार ने बताया कि हाउसिंग कॉलोनी में दुर्गा पूजा की शुरुआत वर्ष 2000 में हुई थी। तब से प्रत्येक वर्ष पूरे उत्साह, श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की जाती है। वर्षों से चली आ रही इस परंपरा के तहत इस बार भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है।
उन्होंने बताया कि समिति की ओर से सप्तमी, अष्टमी और नवमी के अवसर पर लगातार तीन दिनों तक विशाल महाभंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन करने और महाप्रसाद ग्रहण करने पहुंचते हैं। समिति का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के साथ-साथ प्रसाद ग्रहण करने की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
समिति के संरक्षक विवेक चौबे ने बताया कि इस वर्ष श्रीराम मंदिर की थीम पर तैयार किया जा रहा पूजा पंडाल विशेष आकर्षण का केंद्र होगा। पंडाल के माध्यम से श्रद्धालुओं को भव्य धार्मिक स्थापत्य की झलक देखने को मिलेगी। उन्होंने कहा कि महोत्सव को यादगार बनाने के लिए समिति के सदस्य लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं।
समिति के पदाधिकारी तैयारियों में जुटे
दुर्गा पूजा महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर समिति के अध्यक्ष जे. पी. शुक्ला, कार्यकारी अध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, संरक्षक संतोष कुमार, विवेक चौबे एवं संजीव तिवारी, कोषाध्यक्ष राजन मेहता और सचिव चंदन सिन्हा सहित सभी पदाधिकारी सक्रिय हैं। इसके अलावा गौतम मेहता, हैंसी चौबे, कान्हा सिंह समेत समिति के अन्य सदस्य भी आयोजन की तैयारियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
समिति को उम्मीद है कि श्रीराम मंदिर की थीम पर आधारित भव्य पंडाल और तीन दिनों तक चलने वाला महाभंडारा इस वर्ष हाउसिंग कॉलोनी की दुर्गा पूजा को विशेष पहचान दिलाएगा।