(रिपोर्ट – दशरथ प्रधान)
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ प्रखंड अंतर्गत बालजोड़ी पंचायत के नुवागांव में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण दो ग्रामीण परिवारों का कच्चा मकान ढह गया। मकान गिरने से बबलू कालिंदी और बसंत कालिंदी के परिवार के सामने अब सिर छिपाने की समस्या खड़ी हो गई है।
जानकारी के अनुसार, रविवार की रात दोनों परिवारों के सदस्य अपने कच्चे मकान में सो रहे थे। इसी दौरान लगातार हो रही तेज बारिश के कारण मकान का छप्पर और दीवारें धीरे-धीरे कमजोर होकर गिरने लगीं। स्थिति को भांपते हुए परिवार के सभी सदस्य किसी तरह घर से बाहर निकल गए और भागकर अपनी जान बचाई।
मकान पूरी तरह ढह जाने से घर में रखा अनाज, घरेलू सामान और अन्य जरूरी सामग्री भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद दोनों परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। पड़ोसियों ने तत्काल मदद करते हुए पीड़ित परिवारों को सहारा दिया है।
पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेते हुए आवास, खाद्यान्न और आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है। लगातार बारिश के बीच घर का आशियाना छिन जाने से परिवारों के सामने बड़ी परेशानी खड़ी हो गई है।