बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिला अदालत परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक बंदर ने वकील के सहयोगी के हाथ से करीब ₹2 लाख नकद से भरा बैग छीन लिया। बैग लेकर बंदर पास के एक पेड़ पर चढ़ गया और वहां से बैग में रखे ₹500 के नोट नीचे फेंकने लगा।
अचानक नोटों की बारिश होते देख कोर्ट परिसर में मौजूद लोग पैसे बटोरने के लिए दौड़ पड़े। कुछ देर के लिए वहां हड़कंप और अव्यवस्था का माहौल बन गया। लोगों ने जमीन पर गिरे नोटों को इकट्ठा करने की कोशिश की, जबकि बैग मालिक और अन्य लोग बंदर से बैग वापस लेने में जुटे रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काफी मशक्कत के बाद अधिकांश रकम बरामद कर ली गई, लेकिन इस पूरे घटनाक्रम के दौरान करीब ₹40,000 नकद गायब हो गए। घटना की चर्चा पूरे कोर्ट परिसर में होती रही और लोगों के बीच यह मामला कौतूहल का विषय बना रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अदालत परिसर में बंदरों का आतंक पहले से ही बना हुआ है और वे अक्सर लोगों का सामान छीन लेते हैं। हालांकि, नकदी से भरा बैग छीनकर नोट उड़ाने की यह घटना बेहद अनोखी और चर्चा का विषय बन गई है।