2014 में चला था अतिक्रमण हटाओ अभियान, अब पशुपालन विभाग की जमीन पर भी बाजार लगाने में परेशानी; उपायुक्त के निर्देश के 10 दिन बाद भी नहीं हटा अतिक्रमण
लेस्लीगंज, संवादाता। सप्ताह में तीन दिन रविवार, मंगलवार और बृहस्पतिवार को लगने वाला लेस्लीगंज का वर्षों पुराना मूल बाजार आज अपने अस्तित्व को लेकर संकट में है। पिछले चार-पांच वर्षों से सब्जी बाजार पशुपालन विभाग के परिसर में लगाया जा रहा है, लेकिन अब वहां भी बाजार लगाने पर आपत्ति जताई जा रही है। इससे सैकड़ों किसानों, सब्जी विक्रेताओं और छोटे कारोबारियों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
बाजार की मूल जमीन पर लगातार निर्माण होने से उसका दायरा सिमटता जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, जमीन की बंदोबस्ती और खरीद-बिक्री को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2014 में तत्कालीन अंचलाधिकारी एवं प्रशिक्षु आईएएस शांतनु कुमार अग्रहरी ने जेसीबी चलवाकर बाजार को अतिक्रमण मुक्त कराया था, लेकिन बाद में फिर अतिक्रमण की स्थिति बन गई। दूसरी ओर, पशुपालन विभाग की जमीन पर जिला परिषद द्वारा दर्जनों दुकानों के निर्माण और उनसे किराया वसूली का मामला भी चर्चा में है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस निर्माण को लेकर प्रशासन को लिखित शिकायत दी गई थी और थाना को भी मामले से अवगत कराया गया था, बावजूद इसके दुकानें बन गईं। इधर, लेस्लीगंज मध्य विद्यालय के कार्यक्रम में पहुंचे उपायुक्त ने प्रधानाध्यापक की मांग पर विद्यालय गेट और आसपास से अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया था, लेकिन करीब 10 दिन बाद भी कार्रवाई नहीं होने की बात सामने आ रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मूल बाजार की जमीन की मापी, बंदोबस्ती एवं निर्माण की जांच कर अतिक्रमण हटाने तथा साप्ताहिक बाजार के लिए स्थायी स्थान उपलब्ध कराने की मांग की है।