नई दिल्ली। देश की प्रमुख पैकेज्ड पेयजल कंपनियों में शामिल बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 (FSS Act, 2006) के तहत कंपनी के खिलाफ अभियोजन (Prosecution) चलाने की मंजूरी प्रदान की गई है। कंपनी के परिसर से लिए गए पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के नमूने जांच में निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरे नहीं उतरे।
इंडिया टुडे के सोशल मीडिया में प्रकाशित खबर के अनुसार, खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से मेसर्स बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के परिसर से ‘पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर (मिनरल वाटर को छोड़कर)’ का नियामक नमूना एकत्र किया गया था। प्रयोगशाला में जांच के दौरान पानी में ब्रोमेट (Bromate) की मात्रा निर्धारित सीमा के अनुरूप नहीं पाई गई। इसके आधार पर नमूने को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत असुरक्षित घोषित किया गया।
कंपनी की ओर से जांच रिपोर्ट के खिलाफ अपील किए जाने के बाद नमूने को रेफरल फूड लैबोरेटरी (Referral Food Laboratory) भेजा गया। वहां दोबारा जांच में पानी के नमूने में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी पाई गई। रेफरल लैबोरेटरी ने भी नमूने को असुरक्षित घोषित किया।
दोनों प्रयोगशालाओं की जांच रिपोर्ट में खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होने के बाद संबंधित प्राधिकरण ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत मेसर्स बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ अभियोजन चलाने की मंजूरी दे दी है।
यह मामला पैकेज्ड पेयजल की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं की सुरक्षा को लेकर खाद्य सुरक्षा मानकों के सख्त अनुपालन की आवश्यकता को एक बार फिर रेखांकित करता है।