पलामू। पलामू जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के जमुआ गांव में गृह प्रवेश समारोह के दौरान परोसा गया भोजन खाने से दर्जनों लोगों के बीमार होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि समारोह में शामिल लोगों ने भोजन करने के बाद उल्टी, दस्त, बुखार और पेट दर्द की शिकायत शुरू कर दी। इसके बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, जमुआ गांव में आयोजित गृह प्रवेश समारोह में 400 से अधिक लोगों ने भोजन किया था। भोजन करने के कुछ समय बाद ही कई लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। रविवार को करीब 40 मरीज इलाज के लिए छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे, जबकि अन्य बीमार लोगों का इलाज निजी अस्पतालों में कराया जा रहा है।
प्राथमिक तौर पर इस घटना के पीछे विषाक्त भोजन यानी फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन सक्रिय हो गया है। चिकित्सा प्रभारी डॉ. राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में मरीजों का इलाज जारी है।
एक ही समारोह में भोजन करने के बाद बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने से स्वास्थ्य विभाग के सामने चुनौती खड़ी हो गई है। फिलहाल मरीजों का उपचार किया जा रहा है। भोजन के विषाक्त होने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।