डाल्टनगंज। मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने और पात्र नागरिकों को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से 10 अक्टूबर 2026 को सदर अनुमंडल के सभी मतदान केंद्रों पर मेगा हेल्प डेस्क कैंप का आयोजन किया जाएगा। कैंप का आयोजन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा।
इस दौरान सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक बैठक एवं चुनाव पाठशाला का भी आयोजन होगा। निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी, 76-डाल्टनगंज विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र, संजय पाण्डेय ने संबंधित BLA-2 से बैठक में उपस्थित होकर सहयोग करने की अपील की है।
कैंप के दौरान No Mapping/Anomalies के कारण नोटिस प्राप्त पात्र नागरिकों को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने और दस्तावेजों के सत्यापन में सहयोग किया जाएगा। इसके अलावा ऐसे मतदाताओं की सूची तैयार की जाएगी, जिनके नाम, जन्मस्थान अथवा माता-पिता के भारत में जन्मस्थान से संबंधित आवश्यक जानकारी या दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं।
निर्वाचन विभाग द्वारा 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके या उससे अधिक आयु के ऐसे अपंजीकृत नागरिकों की भी पहचान की जाएगी, जिन्होंने अब तक प्रपत्र-6 जमा नहीं किया है। ऐसे नागरिकों से प्रपत्र-6 प्राप्त करने के लिए उनकी सूची तैयार की जाएगी।
इसके साथ ही अपंजीकृत प्रवासी मतदाताओं यानी Migrants को चिन्हित कर उनसे प्रपत्र-6 प्राप्त करने की प्रक्रिया के लिए सूची तैयार की जाएगी। मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य विवरण में त्रुटि पाए जाने वाले मतदाताओं को चिन्हित कर उनसे आवश्यक सुधार के लिए प्रपत्र-8 प्राप्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी संबंधित लोगों का सहयोग आवश्यक है। कैंप का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि “कोई पात्र भारतीय नागरिक छूटे न एवं कोई अपात्र व्यक्ति जुड़े न।”