पलामू। पलामू संसदीय क्षेत्र के लिए रेल कनेक्टिविटी के लिहाज से बड़ी खुशखबरी सामने आई है। पूर्व मध्य रेलवे जोन के अंतर्गत शेरघाटी (गया, बिहार) से कजरी (पलामू, झारखंड) तक नई ब्रॉड गेज रेलवे लाइन के निर्माण के लिए रेलवे बोर्ड ने विस्तृत प्राक्कलन को मंजूरी प्रदान कर दी है। करीब 107.894 किलोमीटर लंबी इस रेल परियोजना पर ₹2,627.29 करोड़ की लागत आने का अनुमान है।
इस परियोजना को पलामू क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नई रेल लाइन के निर्माण से पलामू और आसपास के क्षेत्रों की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी तथा लोगों के लिए आवागमन अधिक सुगम हो सकेगा। इसके साथ ही व्यापार, उद्योग, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक लोगों की पहुंच बेहतर होने की उम्मीद है।
इस परियोजना की स्वीकृति के पीछे पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम की लगातार पहल को महत्वपूर्ण बताया गया है। सांसद ने रेलवे की जोनल और मंडल स्तरीय बैठकों में शेरघाटी-कजरी रेल लाइन का मुद्दा लगातार उठाया। इसके अलावा उन्होंने लोकसभा में शून्यकाल और नियम 377 के माध्यम से भी इस मांग को प्रमुखता से रखा तथा रेलवे के अधिकारियों के साथ लगातार पत्राचार किया।
सांसद की ओर से बताया गया कि उन्होंने व्यक्तिगत रूप से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर भी इस परियोजना को स्वीकृति देने का आग्रह किया था। लंबे समय से क्षेत्र की जनता द्वारा की जा रही मांग के बाद अब रेलवे बोर्ड की ओर से परियोजना के विस्तृत प्राक्कलन को मंजूरी मिलने से क्षेत्र में उम्मीदें बढ़ी हैं।
सांसद विष्णु दयाल राम ने इस महत्वपूर्ण परियोजना की स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति पलामू संसदीय क्षेत्र की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना पलामू में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत भीकरेगी।
शेरघाटी-कजरी रेल लाइन के निर्माण से पलामू को बिहार के गया क्षेत्र से सीधा रेल संपर्क मिलने की उम्मीद है। इससे क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलने की संभावना है। पलामू के विकास और बेहतर कनेक्टिविटी की दिशा में यह परियोजना एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।