रांची। छात्र आंदोलन को लेकर झारखंड सरकार और आंदोलनरत छात्रों के बीच गतिरोध समाप्त होने की दिशा में पहल शुरू हो गई है। सरकार ने छात्रों से बातचीत के लिए अपना प्रतिनिधिमंडल गठित कर दिया है। सरकार की ओर से शहरी विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी वंदना दादेल छात्रों के साथ वार्ता करेंगे। दोनों पक्षों के बीच बैठक राजकीय अतिथिशाला में आयोजित की जाएगी।
दूसरी ओर, आंदोलनरत छात्रों ने भी वार्ता के लिए अपना 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल तैयार कर लिया है। प्रतिनिधिमंडल की सूची एसडीओ को सौंप दी गई है। इसमें आठ छात्र प्रतिनिधियों के साथ एक अधिवक्ता और दो तकनीकी विशेषज्ञ शामिल हैं। छात्र प्रतिनिधिमंडल में पीयूष कुमार सिंह, रविन्द्र पासवान, राजेश प्रसाद, नीतू कुजूर, कार्तिक सोरेन, रविन्द्र, अंकित कुमार और शालू सिंह शामिल हैं।
सरकार की ओर से बैठक के समय और स्थान की औपचारिक सूचना छात्रों को दी जाएगी। संभावना जताई जा रही है कि दोनों पक्षों के बीच आज ही वार्ता हो सकती है। इस बैठक में आंदोलन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होने की उम्मीद है।
सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच होने वाली यह बातचीत आंदोलन के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अब सभी की निगाहें वार्ता के परिणाम पर टिकी हैं, जिससे आंदोलन के भविष्य और छात्रों की मांगों पर आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।