नीलाम्बर-पीताम्बरपुर: प्रधानमंत्री प्लस टू उच्च विद्यालय, चक मनातू में विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) का गठन शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। सर्वसम्मति से हुए चुनाव में अखिलेश यादव को समिति का अध्यक्ष तथा बसंती देवी को उपाध्यक्ष चुना गया। वहीं, उदेश यादव को भवन समिति का अध्यक्ष मनोनीत किया गया।
चुनाव प्रक्रिया का संचालन एवं पर्यवेक्षण विजय कुमार मेहता और प्रमोद प्रजापति ने किया। इस दौरान विद्यालय प्रबंधन समिति के कुल 19 सदस्यों का चयन किया गया, जिनमें 11 महिला एवं 8 पुरुष सदस्य शामिल हैं। समिति के गठन में महिला प्रतिनिधित्व को विशेष महत्व दिया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक विनय कुमार शुक्ला, स्थानीय मुखिया निसाद अहमद, विद्यालय परिवार के सदस्य, अभिभावक एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं समिति के सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए विद्यालय के शैक्षणिक एवं आधारभूत विकास के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि नई समिति विद्यालय की गुणवत्ता, अनुशासन और विकास कार्यों को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।