नीलाम्बर-पीताम्बरपुर जिले के तरहसी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी, एक टिपर और एक ट्रैक्टर को जब्त किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, तरहसी थाना प्रभारी आनंद कुमार राम को गुप्त सूचना मिली थी कि अमानत नदी में मिसिर पतरा के पास बालू माफिया जेसीबी मशीन के जरिए अवैध खनन कर रहे हैं और बालू को टिपर तथा ट्रैक्टर के माध्यम से विभिन्न स्थानों तक पहुंचाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी की।
पुलिस को मौके से एक जेसीबी मशीन, एक टिपर (छोटा ट्रक) और एक ट्रैक्टर मिला, जिन्हें जब्त कर लिया गया। हालांकि पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही अवैध कारोबार में शामिल लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने जब्त वाहनों के आधार पर कारोबार में शामिल लोगों की पहचान शुरू कर दी है और उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि एक दिन पहले भी तरहसी पुलिस ने गुरहा गांव से अवैध बालू ढुलाई करते हुए एक ट्रैक्टर को जब्त किया था। लगातार हो रही कार्रवाई से स्पष्ट है कि पुलिस अवैध खनन पर सख्त नजर बनाए हुए है।
थाना प्रभारी आनंद कुमार राम ने कहा कि अवैध बालू कारोबार करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि बालू माफिया न केवल नदी को नुकसान पहुंचा रहे हैं, बल्कि नदी पर बने पुलों की सुरक्षा के लिए भी खतरा पैदा कर रहे हैं। मिसिर पतरा में शाहद पुल के पास बालू खनन किया जा रहा था, जो पूरी तरह अवैध और नियमों के खिलाफ है।
उन्होंने कहा कि अवैध रूप से निकाले गए बालू को ऊंचे दामों पर ईंट भट्ठों, निर्माण कार्यों और कंस्ट्रक्शन साइटों पर बेचा जाता है। पुलिस ऐसे कारोबारियों पर लगातार कार्रवाई जारी रखेगी।