दिनांक 30 मार्च 2026 को भट्टी मोहल्ला के समीप आनंद कुमार रवि के अपहरण का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया। आरोप है कि सद्दाम कुरैशी और उसके सहयोगियों ने पीड़ित को जबरन उठाने की कोशिश की। विरोध करने पर अपराधियों ने उसके साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। इस संबंध में शहर थाना में कांड संख्या 116/26, दिनांक 31 मार्च 2026 को भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सभी आरोपी काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन संख्या जेएच01 जीजे 3950 से जिले से बाहर भागने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बिस्फोटा चौक स्थित रेलवे अंडरपास के समीप चेकनाका स्थापित कर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया।
दिनांक 31 मार्च 2026 की रात लगभग 10 बजकर 45 मिनट पर संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन को घेराबंदी कर रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें सवार सभी आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध हथियार, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन तथा उक्त स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और उनके खिलाफ हत्या एवं रंगदारी जैसे गंभीर मामलों में केस दर्ज हैं।

बरामद सामग्री में सद्दाम कुरैशी के पास से एक देशी 9 एमएम पिस्टल, मैगजीन में जिंदा गोली, एक रेडमी मोबाइल फोन तथा काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन मिली। वशीम अकरम के पास से एक देशी कट्टा और दो जिंदा गोलियां बरामद की गईं। रौशन चंद्रवंशी के पास से तीन जिंदा गोलियां मिलीं, जबकि रितेश चंद्रवंशी उर्फ मामा के पास से तीन जिंदा गोलियां बरामद हुईं। वशीम अहमद उर्फ बंटी कालिया के पास से तीन जिंदा गोलियां, एक ब्लैकजोन मोबाइल और एक मोटोरोला मोबाइल मिला। सूरज चंद्रवंशी के पास से दो जिंदा गोलियां और एक मोटोरोला मोबाइल फोन जब्त किया गया।
इस कार्रवाई के बाद शहर थाना में कांड संख्या 117/26, दिनांक 1 अप्रैल 2026 को भारतीय न्याय संहिता तथा आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत एक और मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
छापामारी दल में थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार के अलावा पुलिस अवर निरीक्षक चंद्रशेखर यादव, टीओपी-3 प्रभारी मंटु कुमार तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी सघन अभियान जारी रहेगा।