जमशेदपुर: टीवी के लोकप्रिय शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ से पहचान बनाने वाले अभिनेता शैलेश लोधा 24 अक्टूबर को जमशेदपुर आएंगे. इस दौरान वे अपने समूह के साथ हास्य नाटक ‘डैड्स गर्लफ्रेंड्स’ का मंचन करेंगे. फ्रेंड्स ऑफ ट्राइबल्स सोसाइटी (एफटीएस), जमशेदपुर चैप्टर की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य आदिवासी बच्चों की शिक्षा के लिए सहयोग जुटाना है.
नाटक का मंचन शनिवार की शाम 5 बजे बिष्टुपुर स्थित कुसुम कमानी ऑडिटोरियम, नरभेराम स्कूल में होगा. करीब दो घंटे के इस मेगा थिएटर नाटक के लेखक और निर्देशक अतुल सत्य कौशिक हैं. आयोजन को लेकर गुरुवार को शास्त्रीनगर स्थित एक होटल में एफटीएस के पदाधिकारियों ने मीडिया से बातचीत की.

पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम में प्रवेश पास के माध्यम से होगा और सभी पास जारी किए जा चुके हैं. उन्होंने कहा कि शहरवासियों का उत्साह इस सामाजिक पहल के प्रति उनके समर्थन को दर्शाता है. संस्था का प्रयास है कि मनोरंजन के साथ लोगों को आदिवासी बच्चों की शिक्षा के अभियान से भी जोड़ा जाए.
एफटीएस के पदाधिकारियों के अनुसार, संस्था ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में रहने वाले वंचित बच्चों तक बुनियादी शिक्षा पहुंचाने के लिए काम करती है. इसके लिए एकल विद्यालय संचालित किए जाते हैं, जहां एक शिक्षक बच्चों को पढ़ाते हैं. पढ़ाई के साथ बच्चों को संस्कार, अनुशासन, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता की जानकारी भी दी जाती है.
संस्था से प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक, देशभर में करीब 87 हजार एकल विद्यालय संचालित हैं. वहीं, जमशेदपुर चैप्टर के अंतर्गत लगभग 170 विद्यालय चल रहे हैं. इन विद्यालयों के संचालन और शिक्षा अभियान को सहयोग देने के उद्देश्य से इस नाटक का आयोजन किया जा रहा है.
प्रेस वार्ता में कार्यक्रम संयोजक विजय मित्तल और जितेंद्र अग्रवाल के अलावा एफटीएस के अध्यक्ष राजेश मित्तल, कार्यकारी अध्यक्ष सुनील बागड़िया, सचिव संजय गोयल, कोषाध्यक्ष मनीष मूनका, उपाध्यक्ष अभिषेक गर्ग, संयुक्त सचिव चांद कांवटिया, युवा समिति अध्यक्ष सौरव सांघलिया, महिला समिति सचिव प्रियंका अग्रवाल, आंचल प्रभारी नीलम केडिया और मेडिकल कैंप प्रभारी कमल गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे. सभी पदाधिकारियों ने लोगों से आदिवासी बच्चों की शिक्षा के लिए चलाए जा रहे अभियान में सहयोग करने की अपील की.