जमशेदपुर: मानगो के जवाहर नगर रोड नंबर 15 के मुहाने पर स्थित कृष्णा उद्यान में दिनदहाड़े हुई डकैती की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलने पर भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह कृष्णा उद्यान स्थित लीलावती अम्मा के घर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली।
इस दौरान विकास सिंह ने दिनदहाड़े हुई डकैती की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि दिनदहाड़े घर में डाका डालना पुलिस को सीधे-सीधे चुनौती देने जैसा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों के भीतर पुलिस का कोई भय नहीं रह गया है, जिसके कारण वे खुलेआम आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
विकास सिंह ने कहा कि मानगो सहित शहर के विभिन्न इलाकों में लगातार आपराधिक घटनाएं चिंता का विषय हैं। दिनदहाड़े हुई इस घटना से आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से घटना में शामिल अपराधियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी करने तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि पुलिस को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि आम लोगों का कानून-व्यवस्था पर विश्वास कायम रहे।