जमशेदपुर: गोविंदपुर अन्ना चौक के समीप जर्जर सड़क और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण लगातार हो रही दुर्घटनाओं से स्थानीय लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सोमवार सुबह एक सड़क हादसे के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों और स्थानीय बस्तीवासियों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क के गड्ढों में पेड़-पौधे लगाकर प्रशासन और संबंधित कंपनियों का ध्यान समस्या की ओर आकर्षित किया।
प्रदर्शन के दौरान डॉ. परितोष सिंह ने जिला प्रशासन और स्थानीय कंपनियों के प्रबंधन पर सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर उदासीनता बरतने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जेमको चौक से अन्ना चौक तक करीब पांच बड़ी कंपनियां संचालित हैं, इसके बावजूद सड़क पर जलजमाव और गड्ढों की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि खराब सड़क के कारण आए दिन लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं और किसी बड़ी अनहोनी की आशंका बनी हुई है।
डॉ. सिंह ने कहा कि सड़क की मरम्मत और जलजमाव की समस्या का जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्र की जनता को साथ लेकर व्यापक जन-आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र की आर्थिक नाकेबंदी की चेतावनी भी दी और कहा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन और संबंधित कंपनियों की होगी।
विरोध प्रदर्शन में जम्मी भास्कर, पिंकी सिंह, रमन सिंह, राजबान सिंह, गोविंदा लोहरा, इंद्रजीत सिंह और दिनेश सिंह समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत, जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान और दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।