नीलाम्बर-पीताम्बरपुर: शिक्षा के प्रति बच्चों का उत्साह बढ़ाने और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से गुरुवार को प्रखंड की सुदूरवर्ती डबरा पंचायत में ‘नई राहें’ अभियान के तहत 50 जरूरतमंद बच्चों के बीच स्कूल बैग का वितरण किया गया।
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी नारायण महतो की पहल पर डबरा पंचायत के चनईगिर, डबरा, गैठा, नावाडीह और तैनार गांव के बच्चों को स्कूल बैग प्रदान किए गए। बैग मिलने से बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर नारायण महतो ने कहा कि आर्थिक अभाव किसी भी बच्चे की शिक्षा में बाधा नहीं बनना चाहिए। उन्होंने समाज के सक्षम और जागरूक लोगों से शिक्षा के क्षेत्र में आगे आकर जरूरतमंद बच्चों की मदद करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ‘नई राहें’ अभियान का उद्देश्य शिक्षा की रोशनी को समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचाना है, ताकि कोई भी बच्चा संसाधनों के अभाव में पढ़ाई से वंचित न रहे।
प्रखंड कृषि पदाधिकारी आलोक कुमार तिवारी ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के समग्र विकास की मजबूत नींव है। इस प्रकार के सामाजिक प्रयास बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा भी देते हैं।
कार्यक्रम में पीडीएस डीलर संघ के अध्यक्ष वृज किशोर तिवारी, शिक्षक रोहित पांडेय एवं संजय सिंह सहित जन वितरण प्रणाली विक्रेता कुंदन कुमार, दयाशंकर प्रसाद, श्याम बिहारी सिंह, अर्जुन राम तथा रामनाथ राम समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।