नेशनल डेस्क: अगर आप छुट्टियों के लिए ऐसी जगह की तलाश में हैं, जहां मनमोहक प्राकृतिक नजारों के साथ सुरक्षा और शांति भी मिले, तो आइसलैंड एक बार फिर सबसे बेहतरीन विकल्प साबित हुआ है। नॉर्डिक द्वीपीय देश आइसलैंड को लगातार 19वीं बार दुनिया का सबसे शांतिपूर्ण देश घोषित किया गया है।
यह उपलब्धि ग्लोबल पीस इंडेक्स (GPI) 2025 की ताजा रिपोर्ट में दर्ज की गई है। यह वार्षिक रिपोर्ट इंस्टीट्यूट फॉर इकोनोमिक एंड पीस (आईईपी) द्वारा जारी की जाती है। इसमें दुनिया के देशों का मूल्यांकन सार्वजनिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, आंतरिक एवं बाहरी संघर्षों के स्तर और सैन्यीकरण जैसे प्रमुख मानकों के आधार पर किया जाता है।
रिपोर्ट के अनुसार, 2025 में भी आइसलैंड शांति के मामले में सभी देशों से आगे रहा। पिछले वर्ष की तुलना में उसके समग्र स्कोर में भी सुधार हुआ है, विशेष रूप से सुरक्षा और सार्वजनिक संरक्षण के क्षेत्र में।
विशेषज्ञों के अनुसार, आइसलैंड की लगातार शीर्ष रैंकिंग के पीछे बेहद कम अपराध दर, नागरिकों के बीच मजबूत सामाजिक विश्वास, सामुदायिक भावना और प्रभावी प्रशासनिक व्यवस्था प्रमुख कारण हैं। देश में कोई स्थायी सेना नहीं है और यहां की मजबूत सार्वजनिक सेवाएं तथा कल्याणकारी व्यवस्था नागरिकों और पर्यटकों दोनों के लिए सुरक्षित एवं स्थिर माहौल सुनिश्चित करती हैं।
आइसलैंड केवल अपनी शांति और सुरक्षा के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता के लिए भी पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है। यहां के विशाल ग्लेशियर, सक्रिय ज्वालामुखी, मनमोहक झरने और प्राकृतिक भू-तापीय गर्म पानी के झरने (हॉट स्प्रिंग्स) हर वर्ष लाखों पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। यही वजह है कि प्रकृति प्रेमियों और रोमांच पसंद यात्रियों के लिए आइसलैंड दुनिया के सबसे पसंदीदा पर्यटन स्थलों में शुमार है।