नीलाम्बर-पिताम्बरपुर प्रखंड के लेस्लीगंज पूर्वी क्षेत्र के जिला परिषद सदस्य विजय राम के साथ उनके ही घर में मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि उनकी पत्नी और बच्चों ने मिलकर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना में विजय राम का दाहिना हाथ टूट गया है, वहीं उनके माथे पर भी गहरी चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही लेस्लीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में विजय राम को अपनी सुरक्षा में लेकर थाने लाई। इसके बाद प्राथमिक उपचार के लिए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
विजय राम ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनके साथ यह कोई पहली घटना नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी, बच्चे और ससुराल पक्ष के लोग अक्सर उनके साथ मारपीट करते रहते हैं। उन्होंने कहा कि पारिवारिक और सामाजिक प्रतिष्ठा को ध्यान में रखते हुए वे अब तक इन घटनाओं को सार्वजनिक नहीं करते थे।
उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले भी मामला थाना तक पहुंचा था, लेकिन उस समय समझौता कराकर उन्हें वापस घर भेज दिया गया था। बावजूद इसके, आरोपियों के व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ और मारपीट की घटनाएं लगातार जारी रहीं। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। एक जनप्रतिनिधि के साथ इस तरह की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर घरेलू हिंसा के मामलों को लेकर, जो अक्सर सामने नहीं आ पाते।
वहीं, लेस्लीगंज थाना प्रभारी ने बताया कि जिला परिषद सदस्य के साथ मारपीट की सूचना मिली है और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। हालांकि, अभी तक पीड़ित की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की तैयारी कर रही है। अगर पीड़ित द्वारा शिकायत दर्ज कराई जाती है, तो आरोपियों के खिलाफ उचित धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।