झारखंड के पलामू जिले से एक हृदयविदारक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और एक सब्जी विक्रेता की जान चली गई। घटना पिपरटांड़ थाना क्षेत्र के केलहवा बाजार की बताई जा रही है। वारदात के बाद पूरे इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान अब्दुल बारीक मियां (लगभग 40 वर्ष) के रूप में हुई है। वह केलहवा बाजार में रोज़ाना सब्जी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाजार में किसी बात को लेकर उनका कुछ लोगों से विवाद हो गया। शुरुआत में कहासुनी तक सीमित यह विवाद देखते ही देखते उग्र हो गया।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने गुस्से में आकर लाठी-डंडों से अब्दुल बारीक पर हमला कर दिया। हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए घायल अवस्था में उन्हें मेदनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स (RIMS) रेफर कर दिया। रिम्स में इलाज के दौरान मंगलवार की सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि छोटी-छोटी बातों पर बढ़ती हिंसा समाज के लिए कितनी खतरनाक साबित हो रही है। प्रशासन से अपेक्षा की जा रही है कि मामले में सख्त कार्रवाई कर दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।