उड़ीसा के औद्योगिक क्षेत्र झारसुगुड़ा के लपंगा में ऋषभ ऑटोमोबाइल्स ने अपना दूसरा सर्विस सेंटर शुरू किया है. इस सर्विस सेंटर के शुरू होने से क्षेत्र में चलने वाले ट्रक और ट्रेलरों के रखरखाव की सुविधा अब और बेहतर हो सकेगी.
मीडिया से बातचीत के दौरान ऋषभ ऑटोमोबाइल्स के डायरेक्टर कुशाग्र दत्ता ने बताया कि झारसुगुड़ा और सुंदरगढ़ क्षेत्र में बड़ी संख्या में भारी वाहन संचालित हो रहे हैं, लेकिन उनके लिए बेहतर सर्विस और मेंटेनेंस की सुविधाएं अभी सीमित हैं. ऐसे में इस नए सर्विस सेंटर के शुरू होने से ट्रक और ट्रेलर मालिकों को काफी राहत मिलेगी.
उन्होंने कहा कि उड़ीसा खनिज संपदा और कोयले से समृद्ध राज्य है. यहां बड़े पैमाने पर माइनिंग का कार्य होता है, जिसमें भारी वाहनों का उपयोग अनिवार्य है. इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए यह सर्विस सेंटर शुरू किया गया है, ताकि क्षेत्र के ट्रांसपोर्टरों और वाहन मालिकों को बेहतर तकनीकी सुविधा मिल सके.
कुशाग्र दत्ता ने बताया कि वह पिछले पांच वर्षों से उड़ीसा में कार्य कर रहे हैं. जाजपुर के बाद यह उनका दूसरा सर्विस सेंटर है, जो अब झारसुगुड़ा में शुरू किया गया है. उन्होंने उम्मीद जताई कि इस सेंटर के माध्यम से स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे.
उन्होंने आगे कहा कि पहले ऋषभ ऑटोमोबाइल्स मुख्य रूप से हाइड्रोलिक इंडस्ट्री में कार्य करती थी, लेकिन अब कंपनी ट्रेलर एक्सल के क्षेत्र में भी कदम रख रही है. जिस तरह जमशेदपुर (झारखंड) में कंपनी ने अपने काम के दम पर पहचान बनाई है, उसी तरह उड़ीसा में भी बेहतर सेवा देने का प्रयास किया जाएगा.
उद्घाटन के अवसर पर विशाल रूपारेल, पारस खन्ना, गोपी तुलस्यान, विवेक तुलस्यान, संजीव कुमार, सुनील केडिया, मुन्ना पांडे, दामोदर राव, सिद्धार्थ दास और लड्डू झा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.