रविवार की संध्या को विजया गार्डन कराओके क्लब (VGKC) के बैनर तले एक भव्य और रंगारंग संगीत समारोह का आयोजन किया गया। इस आयोजन ने विजया गार्डन के प्रांगण को मधुर संगीत की स्वर-लहरियों से सराबोर कर दिया। यह कार्यक्रम क्लब के 6वें स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्य संस्थापक श्री जेम्स डेविस एवं चेयरमैन डॉ. जे. एल. पी. राजू के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह VGKC का 39वां कार्यक्रम था।
इस संगीत संगम का नाम “आइए बहार को हम बाँट लें” रखा गया, जिसमें कुल 22 गायक-गायिकाओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक प्रार्थना समूह गीत से हुई, जिसके बाद एक से बढ़कर एक प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंच पर 11 वर्ष की बालिका से लेकर 80 वर्ष के वरिष्ठ कलाकार तक ने अपनी-अपनी सशक्त और भावपूर्ण प्रस्तुतियाँ दीं।
सचिव अमित वर्मा एवं शांतनु पॉल के निर्देशन में एक भजन सहित कुल 30 एकल एवं युगल/समूह गीत प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. मीता तरफदार के आगमन से माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया।
मीडिया प्रभारी डॉ. प्रीति किरण के नेतृत्व में पत्रकार वार्ता भी आयोजित की गई। अंत में सभी उपस्थित अतिथियों और संगीत प्रेमियों ने इस मनोरंजक संगीत संध्या की भरपूर सराहना की और स्वादिष्ट भोजन का आनंद लिया।