(रिपोर्ट – पंकज गिरी, छिपादोहर)
छिपादोहर पूर्वी वन क्षेत्र के केड़ गांव में जंगली हाथी के हमले से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। घायल महिला की पहचान कलावती देवी (पति स्व. दिक्कदार भुईयां) के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, कलावती देवी रोज़ की तरह बकरी चराने जंगल की ओर गई थीं। इसी दौरान जंगल में अचानक सामने आए जंगली हाथी ने उन पर हमला कर दिया। महिला ने जान बचाने की कोशिश की, लेकिन हमले में वह बुरी तरह घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने वन विभाग को जानकारी दी। इसके बाद छिपादोहर के रेंजर अजय टोप्पो के निर्देश पर प्रभारी वनपाल राम कश्यप वनकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। घायल महिला को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए डाल्टनगंज रेफर कर दिया गया।
प्रभारी वनपाल राम कश्यप ने बताया कि फिलहाल जंगल क्षेत्र में जंगली हाथियों की आवाजाही बनी हुई है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि वे कुछ समय के लिए जंगल की ओर न जाएं और पूरी सतर्कता बरतें।
घटना के बाद गांव के लोग सहमे हुए हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि बेतला नेशनल पार्क में वन विभाग द्वारा दिनभर जेसीबी और ट्रैक्टर से कराए जा रहे कार्यों के कारण हाथी विचलित होकर पार्क से सटे गांवों में प्रवेश कर रहे हैं, जिससे गांवों में भय का माहौल बन गया है।