भाकपा (माले) नीलांबर-पितांबरपुर प्रखंड कमेटी की बैठक सोमवार, 15 दिसंबर 2025 को ग्राम ईटहे में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड सचिव कामरेड कमेश सिंह चेरो ने की।
बैठक में जनता से जुड़े कई गंभीर और ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान यह निर्णय लिया गया कि भूमि लूट, भ्रष्टाचार, किसानों की समस्याओं और भू-माफियाओं के बढ़ते आतंक के खिलाफ 22 दिसंबर 2025 को प्रखंड-अंचल कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा।
बैठक में यह भी तय किया गया कि भाकपा (माले) के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव कामरेड विनोद मिश्र की पुण्यतिथि 18 दिसंबर 2025 को मनाई जाएगी। साथ ही पार्टी सदस्यता भर्ती एवं नवीकरण अभियान तथा लोकउद (जनसंगठनों) की सदस्यता बढ़ाने पर विशेष जोर देने का निर्णय लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रखंड सचिव कामरेड कमेश सिंह चेरो ने कहा कि पलामू जिला सहित नीलांबर-पितांबरपुर प्रखंड में भ्रष्टाचार और भू-माफियाओं का मनोबल काफी बढ़ चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय विधायक और सांसद जनता से जुड़े मुद्दों पर चुप्पी साधे हुए हैं और वोट की राजनीति के चलते भू-माफियाओं के पक्ष में खड़े नजर आते हैं।
उन्होंने कहा कि दलित, आदिवासी और कमजोर वर्गों की जमीन पर बड़े पैमाने पर कब्जा किया जा रहा है, लेकिन जनप्रतिनिधियों की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है। किसानों की स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि इस वर्ष धान की उपज अच्छी होने के बावजूद सरकारी उदासीनता के कारण किसानों को फसल औने-पौने दामों पर बेचनी पड़ रही है, जिससे वे आर्थिक संकट में फंस गए हैं।
22 दिसंबर को प्रस्तावित प्रदर्शन में सोतम डबरा, शहद गुरुवा, गेठहा, लोटवा सहित दर्जनों गांवों से जुड़े भूमि लूट और भ्रष्टाचार के मामलों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
बैठक में कालो देवी, शिवनाथ महतो, जोगेंद्र शर्मा, कां. उस्मान जी, जितेंद्र सिंह चेरो, ईश्वरी राम सहित कई पार्टी कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद थे। वहीं 18 दिसंबर 2025 को ग्राम लोटवा में कामरेड विनोद मिश्र की स्मृति में पुण्यतिथि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।