
छिपादोहर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारी वर्षा के चलते छिपादोहर-गारू मार्ग पर सतनादिया में बाढ़ का पानी भर गया, जिससे शनिवार सुबह से आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है।

वहीं, छिपादोहर-बरवाडीह मार्ग पर उक्कामाड़ नदी उफान पर है, जिसके कारण यातायात ठप हो गया है। स्थिति और बिगड़ गई जब छिपादोहर से गम्हरिया को जोड़ने वाले छलका में बाढ़ का पानी पुल बहा ले गया। पुल के बह जाने से गम्हरिया के करीब 50 घरों में रहने वाले लोग मुख्यालय से पूरी तरह कट गए हैं।

स्थानीय प्रशासन की ओर से अब तक किसी वैकल्पिक व्यवस्था की जानकारी नहीं दी गई है। इस कारण प्रभावित इलाकों में आवश्यक वस्तुओं की भारी कमी महसूस की जा रही है।
छिपादोहर से पंकज गिरी की रिपोर्ट