रिपोर्ट: नंद किशोर मंडल, पाकुड़
पाकुड़ जिले के हिरणपुर प्रखंड अंतर्गत सितपहाड़ी में एक महीने से बंद पड़ी क्रशर माइंस ने हजारों परिवारों की रोटी छीन ली और आज वही भूख, वही मजबूरी, वही टूटी उम्मीदें उबलकर JMM जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम के घर तक पहुँच गईं। करीब एक महीने से क्रशर बंद होने से उत्पन्न रोज़गार संकट ने ग्रामीणों को इतना विवश कर दिया कि वे झामुमो जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम के हिरणपुर स्थित कमलघाटी आवास का घेराव करने पहुंच गए।
ग्रामीणों ने घर के बाहर घंटों तक रोजगार दो… रोजगार दो के नारे लगाए। महिलाओं से लेकर बुजुर्गों तक हर कोई काम की तलाश में भटकने की मजबूरी को लेकर रोष व्यक्त करता दिखा। लोगों ने कहा कि एक महीने से क्रेशर बंद है, हजारों मजदूर बेरोज़गार हो चुके हैं… घर चलाना मुश्किल हो गया है। अब हम चुप नहीं बैठेंगे।
प्रशासन मौके पर पहुंचा, हालात नियंत्रित किए
सूचना मिलते ही हिरणपुर थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह, अंचल अधिकारी मनोज कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांत कराया। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर भीड़ को नियंत्रित किया गया।
ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा अगर जल्द क्रशर माइंस चालू नहीं हुआ, तो हम हिरणपुर मुख्य सड़क को पूर्ण रूप से चक्का जाम कर देंगे।
जिलाध्यक्ष का आश्वासन – वैध माइंस जल्द चालू होगी
घेराव के दौरान जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ग्रामीणों से मिले। उन्होंने कहा कि उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से बात की है और जल्द समाधान का भरोसा दिया।
अजीजुल इस्लाम ने स्पष्ट कहा जो वैध क्रशर माइंस है, उसे जल्द चालू कराया जाएगा, और जो अवैध है… उसे बंद ही रखा जाएगा।
अंचल अधिकारी ने दिए 5 से 7 दिनों में समाधान के संकेत
अंचल अधिकारी मनोज कुमार ने भी ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा वरिष्ठ पदाधिकारी के निर्देशानुसार पाँच से सात दिनों में माइंस संचालन की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
आश्वासन के बाद घेराव समाप्त, लेकिन चेतावनी बरकरार
आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने फिलहाल घेराव समाप्त कर दिया।
हालाँकि उन्होंने साफ कहा अगर समय पर काम नहीं हुआ, तो संघर्ष और बड़ा होगा।