पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के तहत टेनिस के दिग्गज खिलाड़ी लिएंडर पेस ने 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया है। कोलकाता में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान उन्हें औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू और पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद सुकांत मजूमदार उपस्थित रहे।
पेस का स्वागत करते हुए किरण रिजिजू ने 1996 के बार्सिलोना ओलंपिक में उनके शानदार प्रदर्शन को याद किया, जहां उन्होंने पुरुष एकल स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर भारत का नाम रोशन किया था। उन्होंने कहा कि उस दौर में ओलंपिक पदक तालिका में भारत का नाम कम ही दिखाई देता था, लेकिन पेस ने पहली बार भारत को एक नई पहचान दिलाई।

रिजिजू ने यह भी कहा कि जब पेस चोट के बावजूद अमेरिका के दिग्गज खिलाड़ी आंद्रे अगासी के खिलाफ खेल रहे थे, तब उन्हें हारते देख वे भावुक हो गए थे। बाद में अगासी ने स्वर्ण पदक जीता था। उन्होंने पेस की भाजपा में एंट्री को “ऐतिहासिक क्षण” बताया। वहीं सुकांत मजूमदार ने कहा कि पेस के शामिल होने से पश्चिम बंगाल में भाजपा और मजबूत होगी।
देश और युवाओं की सेवा करना चाहता हूं: पेस
भाजपा में शामिल होने के बाद लिएंडर पेस ने कहा, “पिछले 40 वर्षों से मैंने देश के लिए खेला है। डेविस कप और ओलंपिक जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व किया है। मैंने अपने परिवार और देश का सम्मान बढ़ाने का प्रयास किया है। अब यह मेरे जीवन का नया क्षेत्र है और मैं देश तथा युवाओं की सेवा करना चाहता हूं।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा नेता नितिन नवीन का आभार व्यक्त किया। राज्य भाजपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पेस भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि वे राजनीति के माध्यम से राष्ट्र और युवाओं की सेवा करें।