जमशेदपुर: बोर्ड परीक्षाओं के नजदीक आते ही छात्रों पर बढ़ते शैक्षणिक दबाव को देखते हुए आत्महत्या निवारण केंद्र जीवन, जमशेदपुर ने छात्रों के लिए एक विशेष तनाव-निवारण मार्गदर्शिका जारी की है। इस पहल का उद्देश्य छात्रों को तनाव प्रबंधन में सहायता देना, मानसिक संतुलन बनाए रखना और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रेरित करना है।
जीवन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षाएं जीवन का केवल एक चरण हैं, न कि जीवन की अंतिम कसौटी। मार्गदर्शिका में छात्रों को अनुशासित लेकिन स्वस्थ अध्ययन पद्धति अपनाने की सलाह दी गई है। इसमें यथार्थपरक अध्ययन योजना बनाने, छोटे और प्राप्त करने योग्य लक्ष्य तय करने तथा केवल गाइड बुक्स पर निर्भर रहने के बजाय पाठ्यक्रम की गहन पुनरावृत्ति करने पर विशेष जोर दिया गया है।
छात्रों को सकारात्मक सोच बनाए रखने, अपनी तैयारी पर भरोसा रखने और अनावश्यक घबराहट से बचने की अपील की गई है। केंद्र का कहना है कि अत्यधिक तनाव और चिंता परीक्षा के समय भ्रम और आत्मविश्वास की कमी का कारण बन सकती है।
मार्गदर्शिका में शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को भी अत्यंत महत्वपूर्ण बताया गया है। पर्याप्त नींद, पौष्टिक भोजन और पढ़ाई के दौरान नियमित अंतराल लेने की सलाह दी गई है। एकाग्र अध्ययन के बाद छोटे-छोटे ब्रेक लेने से न केवल एकाग्रता बढ़ती है, बल्कि मानसिक थकान भी कम होती है। छात्रों को अंतिम समय में रटने, चुनिंदा पढ़ाई करने और दूसरों से अपनी तुलना करने से बचने को कहा गया है, क्योंकि इससे आत्मविश्वास कमजोर हो सकता है।
इसके साथ ही, नकारात्मक बातचीत और ध्यान भटकाने वाले वातावरण से दूर रहने पर जोर दिया गया है। छात्रों को शांत माहौल में अपनी रणनीति के अनुसार पढ़ाई करने और एक परीक्षा के परिणाम को अगली परीक्षा पर हावी न होने देने की सलाह दी गई है, ताकि पूरे परीक्षा काल में निरंतरता बनी रहे।
जीवन जमशेदपुर ने विशेष संदेश देते हुए कहा है कि यदि कोई छात्र मानसिक रूप से परेशान, चिंतित या भयभीत महसूस करता है, तो उसे चुप रहने के बजाय माता-पिता, शिक्षकों या परामर्शदाताओं से खुलकर बात करनी चाहिए। केंद्र ने भरोसा दिलाया है कि सहायता हमेशा उपलब्ध है और मदद मांगना कमजोरी नहीं, बल्कि साहस का प्रतीक है।
इस पहल के तहत जीवन ने अपनी परामर्श सेवाएं पूरे वर्ष उपलब्ध रखने की बात कही है और परीक्षा के समय अभिभावकों तथा शिक्षकों से संवेदनशील और सहयोगी भूमिका निभाने की अपील की है। इसका उद्देश्य परीक्षा-जनित तनाव को गंभीर मानसिक स्वास्थ्य संकट में बदलने से रोकना और छात्रों को यह याद दिलाना है कि अंकों से कहीं अधिक महत्वपूर्ण उनका जीवन और कल्याण है।
जीवन जमशेदपुर अपने केंद्र 25, क्यू रोड, बिष्टुपुर में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक प्रत्यक्ष परामर्श (इन-पर्सन बिफ्रेंडिंग) सेवा उपलब्ध कराता है। इसके अलावा, भावनात्मक सहयोग के लिए टेलीफोन और व्हाट्सएप के माध्यम से 9297777499 और 9297777500 हेल्पलाइन नंबरों पर भी तुरंत सहायता प्रदान की जा रही है।