राजद की टिकट पर छपरा से बिहार विधानसभा का चुनाव लड़ रहे भोजपुरी गायक खेसारी लाल यादव के मुंबई स्थित घर को तोड़ा जाएगा। यह कारवाई मुंबई में हो रही है जहां महाराष्ट्र में अभी बीजेपी की सरकार है। खेसारी लाल यादव को घर तोड़ने का नोटिस मुंबई स्थित मीरा भायंदर नगर निगम के द्वारा भेजा गया है। मीडिया से बताचीत के दौरान खेसारी लाल यादव ने कहा कि यह मेरी राजनीति में आने का परिणाम है। भगवान सब देख रहा है। मैने यह घर खून पसीने की कमाई से बनाया है।
जानकारी के अनुसार सिंगर और एक्टर खेसारी लाल यादव का मुंबई में मीरा रोड पर घर है। नोटिस के अनुसार घर में अवैध निर्माण किया है जिसे तोड़ा जाएगा। इसमें घर के बाहर लगाए गए लोहे के एंगल और शेड को तुरंत एक सप्ताह के अंदर तोड़ा जाएगा। न्यूज18 की रिपोर्ट के अनुसार फिलहाल खेसारी का पूरा परिवार बिहार चुनाव में व्यस्त है और घर पर कोई नहीं है।