जमशेदपुर: शहर में दुकानों के किराया वृद्धि को लेकर व्यापारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. जमशेदपुर ऑल मार्केट एसोसिएशन ने अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) द्वारा दुकानों का किराया बढ़ाए जाने का कड़ा विरोध करते हुए इसे तत्काल प्रभाव से वापस लेने की मांग की है. इस संबंध में एसोसिएशन की ओर से अधिसूचित क्षेत्र समिति के विशेष पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया.
एसोसिएशन के अध्यक्ष हरविंदर सिंह मंटू और महासचिव नसीम अंसारी ने कहा कि शहर के विभिन्न बाजारों में वर्षों से दुकानदार दुकान का संचालन कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते आ रहे हैं. इसके साथ ही वे सभी नियमों का पालन करते हुए समय-समय पर निर्धारित किराया का भुगतान भी करते रहे हैं. बावजूद इसके अचानक दुकानों का किराया बढ़ाकर वसूली शुरू कर दी गई है, जिसे दुकानदार असहनीय और अमानवीय बता रहे हैं.
उन्होंने बताया कि पूर्व में भी किराया में अप्रत्याशित वृद्धि का मामला सामने आया था, जिसका व्यापारियों ने जोरदार विरोध किया था. उस समय तत्कालीन उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए एक कमिटी का गठन किया था, जिसमें विभिन्न बाजारों के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया था. इसके बाद किराया वृद्धि पर तत्काल रोक लगा दी गई थी.
व्यापारियों का कहना है कि इस बार बिना बाजार प्रतिनिधियों को विश्वास में लिए ही पुनः किराया वृद्धि कर दी गई है, जिससे शहर के हजारों दुकानदारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा.
ऑल मार्केट एसोसिएशन ने प्रशासन से मांग की है कि दुकानदारों के हितों को ध्यान में रखते हुए किराया वृद्धि के निर्णय पर तत्काल रोक लगाई जाए, ताकि व्यापारियों को राहत मिल सके.