नीलाम्बर-पीताम्बरपुर (पलामू): आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में मनाने के उद्देश्य से नीलाम्बर-पीताम्बरपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने की। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी वर्ग तथा ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता रही।
बैठक को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी ने कहा कि होली भाईचारे, प्रेम और आपसी सद्भाव का पर्व है, जिसे सभी लोग मिल-जुलकर शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की। साथ ही हुड़दंग मचाने, जबरन रंग लगाने तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
उन्होंने बताया कि पर्व के दौरान संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी और विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। बैठक में उपस्थित लोगों ने भी प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाया।