जमशेदपुर। औद्योगिक शहर जमशेदपुर में भारी वाहनों की सर्विसिंग और मेंटेनेंस को नई दिशा देते हुए ऋषभ ऑटोमोबाइल्स सेल्स एंड सर्विस प्राइवेट लिमिटेड ने अपना पहला अत्याधुनिक सर्विस सेंटर शुरू किया है। इस नई पहल से क्षेत्र में संचालित ट्रक और ट्रेलर मालिकों को अब बेहतर तकनीकी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगी।
कंपनी प्रबंधन के अनुसार झारखंड और बिहार में बड़ी संख्या में भारी वाहन संचालन में हैं, लेकिन उन्नत सर्विस और मेंटेनेंस सुविधाओं की कमी लंबे समय से महसूस की जा रही थी। ऐसे में इस सर्विस सेंटर की स्थापना परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए राहत भरी खबर मानी जा रही है।
मीडिया से बातचीत में कंपनी के निदेशक गौतम दत्ता और कुशाग्र दत्ता ने बताया कि आधुनिक उपकरणों और प्रशिक्षित तकनीशियनों से सुसज्जित यह सर्विस सेंटर ट्रक और ट्रेलर की मरम्मत, सर्विसिंग तथा नियमित मेंटेनेंस को तेज और गुणवत्तापूर्ण बनाएगा। इससे न केवल वाहनों की कार्यक्षमता बढ़ेगी बल्कि सड़क सुरक्षा में भी सुधार होगा।
सर्विस सेंटर का उद्घाटन गुरमुख सिंह (प्रबंध निदेशक, योर्क) और बिकाश पहाड़ी (मुख्य वित्तीय अधिकारी) द्वारा किया गया। इस अवसर पर कंपनी के प्रतिनिधि सुजीत सिंह और प्रतीक बेहरा सहित कई प्रमुख ग्राहक एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम में गोल्ड लाइन ऑटोमोबाइल्स, शाइन लाइन ऑटोमोबाइल्स, रिलाइबल वाहन, एस यूनिवर्सल तथा असोसिएटेड इंजीनियर्स के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।
कंपनी ने स्पष्ट किया कि यह सर्विस सेंटर आधुनिक तकनीक, उन्नत डायग्नोस्टिक सिस्टम और विशेषज्ञ तकनीकी टीम से लैस है, जिससे भारी वाहनों की समयबद्ध और विश्वसनीय सर्विस सुनिश्चित की जा सकेगी। इस पहल से क्षेत्रीय ट्रांसपोर्ट उद्योग को मजबूती मिलने की उम्मीद है और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।